Showing posts with label chambal. Show all posts
Showing posts with label chambal. Show all posts

Tuesday, February 19, 2008

मरते घडि़याल, दम तोड़ती जैव विविधता

पिछले कुछ समय से चंबल नदी में पाये जाने वाले घडि़यालों की मौत की खबरें अखबारों की सुर्खियां बनी हुई हैं। विगत दो माह में मृत घडि़यालों की संख्‍या 96 बताई गई है। पर कमाल की बात ये है कि इतना समय बीत जाने के बाद भी घडि़यालों की मौत का सही कारण पता नहीं लगाया जा सका है। भारतीय उपमहाद्वीप के इस बेहद संकटग्रस्‍त जलीय जीव के वर्तमान में कुछ ही ठिकाने शेष हैं जिनमें चंबल नदी सबसे महत्‍वपूर्ण है।

चंबल नदी में पाये जाने वाले जीवों की संरक्षा के लिए सन् 1979 में राष्‍ट्रीय चंबल अभ्‍यारण की स्‍थापना की गई। 400 किमी से भी अधिक क्षेत्र में फैले इस अभ्‍यारण में मध्‍यप्रदेश, राजस्‍थान और उत्‍तरप्रदेश तीनों ही राज्‍यों का क्षेत्र सम्मिलित है। चंबल नदी भारत की सबसे कम प्रदूषित और समृद्ध जैव-विविधता वाली नदियों में से है। साफ पानी में पाई जाने वाली डॉल्फिन, जिसे गेंगेटिक डॉल्फिन कहा जाता है, भी इस नदी के पानी में अठखेलियां करती हैं। साथ ही दुर्लभ प्रजाति के कछुए भी यहां पाए जाते हैं। पर चंबल मुख्‍य रूप से घडि़यालों के लिए जानी जाती है घडि़यालों के अलावा यहां मगर भी पर्याप्‍त संख्‍या में हैं। 1979 में सेंचुरी घोषित होने के बाद से ही सरकार द्वारा इन जलीय जीवों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। पर सरकारी प्रयासों के अलावा यह बात भी ध्‍यान में रखने योग्‍य है कि यह नदी दुर्गम बीहड़ों से होकर गुजरती है और इसके किनारों पर आबादी और शहरी आबादी नाम मात्र की है(राजस्‍थान के कोटा को छोड़कर)। इसके अलावा यह इलाका लंबे समय से मानवीय गतिविधियों से अछूता रहा है और चंबल के बीहड़ों में पाये जाने वाले डकैत गिरोहों के कारण भी लोगों को हमेशा इसके आसपास जाने में भय सताता रहा है। इस कारण भी यहां जलीय जीवों पर संकट के मौके ज्‍यादा नहीं आ पाये हैं। पर पिछले कुछ समय से सेंचुरी क्षेत्र मे मानवीय गतिविधियां बढ़ी हैं।

चंबल में पाये जाने वाले घडि़यालों के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए मुरैना जिले के देवरी में और लखनऊ के पास कुकरैल में संरक्षण केंद्र स्‍थापित हैं। इन केंद्रों में घडि़यालों के अंडों को लाकर रखा जाता है और उनसे निकले बच्‍चों के नदी में रहने लायक होने के बाद वहां छोड़ दिया जाता है। चंबल सेंचुरी के अधिकारियों का कहना है कि वे इस क्षेत्र को इको टूरिज्‍म के लिए विकसित करना चाहते हैं। पर अभी तक इस क्षेत्र में पर्यटन को विकसित करने के पर्याप्‍त प्रयास नहीं हुए हैं। मुरैना स्थित घडि़याल केंद्र पर पर्यटकों को मोटरबोट द्वारा नदी की सैर कराने के इंतजाम हैं पर पर्यटकों की संख्‍या नगण्‍य सी ही बनी रहती है। मुरैना का देवरी घडि़याल केंद्र राष्‍ट्रीय राजमार्ग क्र. 3 पर मुरैना शहर से 6-7 किमी की दूरी पर हैं। वहां जरूर घडि़याल और मगरमच्‍छ देखने के शौकीन पर्यटक देखे जा सकते हैं।

पर पिछले कुछ ही समय में इतने घडि़यालों की मौत संरक्षण के इन प्रयासों पर सवालिया निशान लगाती है। साथ ही मौत के कारणों का ठीक से पता न लग पाना भी एक समस्‍या बनी हुई है। पहले-पहल कहा गया कि घडि़यालों की मौत जहरीले पानी से हुई है। पानी में सीसे की मात्रा होने की बात भी सामने आई। कुछ विशेषज्ञ लिवर या किडनी में खराबी आने को मौत का कारण बता रहे हैं। पर कुल मिलाकर स्थिति अभी भी स्‍पष्‍ट नहीं है। किसी जलीय परजीवी को भी मौत का कारण बताया जा रहा है। एक कारण यह भी हो सकता है। दुनियाभर के घडि़याल विशेषज्ञ और जीव वैज्ञानिक सेंचुरी का दौरा कर चुके हैं। फिलहाल कोई भी स्‍पष्‍ट रूप से कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं है। हाल ही में उत्‍तरप्रदेश से लगे इलाके से डॉल्फिन के मरने की भी सूचना आई थी।

कुल मिलाकर सेंचुरी की व‍र्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है। जलीय जीवों की लगातार होती मौतों और कारणों पर पड़ी धुंध ने इन अत्‍यंत संकटग्रस्‍त जीवों के अस्तित्‍व के संकट को और गहरा दिया है। साथ ही चंबल क्षेत्र में सक्रिय अवैध रेत माफिया के द्वारा बेरोकटोक रेत खनन और भारी वाहनों की आवाजाही से संकटग्रस्‍त जीवों के प्राकृतिक आवास नष्‍ट होते जा रहे हैं। रेत माफिया खासकर मुरैना-धौलपुर के क्षेत्र में इतना शक्तिशाली है कि प्रशासन भी उसे रोक पाने में नाकाम है। कई बार बड़ी मात्रा में पुलिस और टास्‍क फोर्स को वहां पहुंचकर उल्‍टे पांव भागना पड़ा है या उनकी बुरी तरह पिटाई हुई है। ऐसी परिस्थितियों में संबंधित राज्‍य सरकारों और पर्यावरण एजेंसियों के साथ जैव संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्‍थाओं के स‍मन्वित प्रयासों की अपेक्षा है जिससे ये महत्‍वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर अपना अस्तित्‍व कायम रख सके।

फोटो साभार: बीबीसी और द हिन्‍दू

Sunday, December 23, 2007

चंबल में अब भी याद किये जाते हैं बिस्मिल


बहुत ही कम लोगों को यह मालूम होगा कि भारतीय स्‍वतंत्रता-संग्राम में अपने प्राणों की आहूति देने वाले अमर शहीद पं. रामप्रसाद बिस्मिल की जड़ें मध्‍यप्रदेश के चंबल अंचल के मुरैना जिले से जुड़ी हुई हैं। बीते 19 दिसंबर को उनका बलिदान-दिवस था। इसी दिन उन्‍हें गोरखपुर जेल में अंग्रेजी शासन के दौरान फांसी दी गई थी। मुरैना जिले की अंबाह तहसील का गांव बरवाई बिस्मिल का पैतृक गांव है। बिस्मिल का जन्‍म शहाजहांपुर, उत्‍तरप्रदेश में हुआ पर उनके दादा श्री नारायणलाल यहीं पले-बढ़े और बाद में वे अपने दो पुत्रों मुरलीधर(रामप्रसाद बिस्मिल के पिता) और कल्‍याणमल के साथ शाहजहांपुर चले गए। अमर शहीद की याद में अब भी जिले में 19 दिसंबर को श्रद्धांजलि सभाओं और कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इस दिन जिला कलेक्‍टर महोदय द्वारा स्‍थानीय अवकाश भी घोषित किया जाता है। इस बार भी हर वर्ष की भांति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुरैना शहर की एक कॉलोनी में चंबल के इस शहीद की प्रतिमा लगी हुई है जहां हर तरह के छुटभैये, सड़कछाप नेता माला लेकर अखबार में छपने का अरमान लेकर ही सही श्रद्धांजलि देने इस बार भी पहुंचे। आगरा-मुंबई राष्‍ट्रीय राजमार्ग मुरैना शहर के एक मुख्‍य चौराहे से होकर गुजरता है। पिछले कई वर्षों से इस चौराहे पर बिस्मिल की प्रतिमा को स्‍थापित किये जाने की मांग उठती रही है जिससे राजमार्ग से होकर जिले से गुजरने वाले लोग भी उनकी मातृभूमि के बारे में जान सकें। कई बड़े-बड़े नेता इस बारे में यदा-कदा घोषणा तो करते रहते हैं पर किसी प्रकार का राजनीतिक हित न होने के कारण अभी तक प्रतिमा की स्‍थापना नहीं हो सकी है। भारत के इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मैं उनके मशहूर तराने- “सरफरोशी की तमन्‍ना” को यहां पेश कर रहा हूं जिसकी जोशीली पंक्तियां पढ़कर आज भी दिलों में देश के लिए मर-मिटने की आग धधक उठती है।


सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है

देखना है ज़ोर कितना बाज़ुए कातिल में है


वक्त आने दे बता देंगे तुझे ए आसमान,

हम अभी से क्या बतायें क्या हमारे दिल में है


करता नहीं क्यूँ दूसरा कुछ बातचीत,

देखता हूँ मैं जिसे वो चुप तेरी महफ़िल में है


रहबरे राहे मुहब्बत, रह न जाना राह में

लज्जते-सेहरा न वर्दी दूरिए-मंजिल में है


अब न अगले वलवले हैं और न अरमानों की भीड़

एक मिट जाने की हसरत अब दिले-बिस्मिल में है ।


ए शहीद-ए-मुल्क-ओ-मिल्लत मैं तेरे ऊपर निसार,

अब तेरी हिम्मत का चरचा गैर की महफ़िल में है

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


खैंच कर लायी है सब को कत्ल होने की उम्मीद,

आशिकों का आज जमघट कूचा-ए-कातिल में है

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


है लिये हथियार दुशमन ताक में बैठा उधर,

और हम तैय्यार हैं सीना लिये अपना इधर,

खून से खेलेंगे होली गर वतन मुश्किल में है,

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


हाथ जिन में हो जुनून कटते नही तलवार से,

सर जो उठ जाते हैं वो झुकते नहीं ललकार से,

और भड़केगा जो शोला-सा हमारे दिल में है,

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


हम तो घर से निकले ही थे बाँधकर सर पे कफ़न,

जान हथेली पर लिये लो बढ चले हैं ये कदम.

जिन्दगी तो अपनी मेहमान मौत की महफ़िल में है,

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


यूँ खड़ा मौकतल में कातिल कह रहा है बार-बार,

क्या तमन्ना-ए-शहादत भी किसी के दिल में है

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


दिल में तूफ़ानों की टोली और नसों में इन्कलाब,

होश दुश्मन के उड़ा देंगे हमें कोई रोको ना आज

दूर रह पाये जो हमसे दम कहाँ मंज़िल में है

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है


वो जिस्म भी क्या जिस्म है जिसमें ना हो खून-ए-जुनून

तूफ़ानों से क्या लड़े जो कश्ती-ए-साहिल में है,

सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है

देखना है ज़ोर कितना बाज़ुए कातिल में है