Showing posts with label apj abdul kalam. Show all posts
Showing posts with label apj abdul kalam. Show all posts

Tuesday, March 18, 2008

जरूरत है बलवीर सिंह जैसे नायकों की

पर्यावरण के प्रति जागरूक लोगों के लिए बाबा बलवीर सिंह सींचेवाल कोई अनजाना नाम नहीं हैं। बलवीर सिंह सींचेवाल ने पंजाब की एक नदी जो गंदा नाला बन चुकी थी, को अपने प्रयासों से पुनर्जीवित करके दिखा दिया कि अनियंत्रित व अनियोजित विकास के इस यु्ग में यदि समाज और सरकारें अपनी भूमिका का ठीक से निर्वहन करें तो सही अर्थों में विकास की निर्मल गंगा बहाई जा सकती है। पर विडंबना है कि वर्तमान में जारी विकास हर तरह से पर्यावरण के लिए अभिशाप साबित हो रहा है और यदि हमने विकास की इस अनवरत प्रक्रिया में अपनी जिम्‍मेदारी को ईमानदारी से स्‍वीकार नहीं किया तो बहुत कुछ हमेशा के लिए पीछे छूट जाएगा।

160 किलोमीटर लंबी काली बेई नदी पंजाब में सतलज की सहायक नदी है। एक समय था जब 32 शहरों की गंदगी और समाज की उपेक्षा की मार सहती इस नदी की हालत देश की अनगिनत नालों में तब्‍दील हो चुकी नदियों की तरह ही थी। यह वही नदी है जिसके किनारे सिखों के गुरू नानकदेवजी को दिव्‍यज्ञान प्राप्‍त हुआ था। पर समय के साथ देश की अन्‍य नदियों की तरह ही इस नदी के लिए भी अस्तित्‍व का संकट पैदा हो गया। तब इस नदी के पुनरुद्धार करने का बीड़ा उठाया बाबा बलवीर सिंह ने।

पंजाब के एक छोटे से गांव सींचेवाल के इस संत ने अपने बलबूते इस नदी को साफ करने का बीड़ा उठाया। संत बलवीर सिंह ने अपने शिष्‍यों के साथ इस काम को अंजाम देने के साथ-साथ अपने गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालुओं को इस नदी के उद्धार के लिए जुट जाने को प्रेरित किया। उन्‍होंने लोगों को समझाया कि वे गुरुनानक के चरण स्‍पर्श प्राप्‍त इस नदी की सफाई कर भगवान की सच्‍चे अर्थों में सेवा कर सकेंगे। सन 2000 में उनके द्वारा शुरू किये गये प्रयासों के कुछ वर्षों में ही इसका असर दिखा और आज इसकी निर्मल धारा को देखकर सहसा विश्‍वास नहीं होता कि बिना कुछ खर्च किये केवल मानवीय प्रयासों से कैसे एक खत्‍म हो चुकी नदी को पुनर्जीवन दिया जा सकता है।

संत सींचेवाल का कालीबेई के लिए किया गया यह योगदान आज नदी संरक्षण में लगे लोगों, सरकारों और एजेंसियों के लिए प्रेरणा बन गया है। तत्‍कालीन राष्‍ट्रपति ए.पी.जे. अब्‍दुल कलाम ने जब इस बारे में सुना तो वे खुद इस अनुपम प्रयोग को देखने पहुंचे। उनके भाषणों में अक्‍सर संत सींचेवाल और कालीबेई का जिक्र रहता है। फिलीपींस सरकार ने भी उनके इस प्रयोग के बारे में जानकर मनीला की एक नदी के पुनरुद्धार के लिए उनसे सहयोग मांगा है।

गंगा और यमुना की सफाई पर करोड़ों रुपए डकार जाने वाली सरकारों, एनजीओ और हम खुद जो गंगा को गंगामैया कहते हैं क्‍या अब भी उदासीन बने रहेंगे ?

Thursday, May 10, 2007

राष्ट्रपति कलाम की दो कविताएं

हमारे माननीय राष्ट्रपति जो ’जनता के रासःट्रपति के रूप में अधिक लोकप्रिय हैं. एक वैज्ञानिक, दार्शनिक, लेखक आदि के रूप में तो उनकी प्रतिभा सर्वविदित है ही साथ ही वे एक बहुत अच्छे कवि भी हैं. निम्न कवितएं उनकी आत्मकथा ’अग्नि की उड़ान से ली गयी हैं....


ज्ञान का दीपक जलाए रखूंगा

हे भारतीय युवक
ज्ञानी-विज्ञानी
मानवता के प्रेमी
संकीर्ण तुच्छ लक्ष्य
की लालसा पाप है।
मेरे सपने बड़े
मैं मेहनत करूंगा
मेरा देश महान् हो
धनवान् हो, गुणवान् हो
यह प्रेरणा का भाव अमूल्य है,
कहीं भी धरती पर,
उससे ऊपर या नीचे
दीप जलाए रखूंगा
जिससे मेरा देश महान हो।



माँ

समंदर की लहरें,
सुनहरी रेत,
श्रद्धानत तीर्थयात्री,
रामेश्वरम द्वीप की वह छोटी-पूरी दुनिया।
सबमें तू निहित,
सब तुझमें समाहित।

तेरी बांहों में पला मैं,
मेरी कायनात रही तू।
जब छिड़ा विश्वयुद्ध, छोटा सा मैं
जीवन बना था चुनौती, जिंदगी अमानत
मीलों चलते थे हम
पहुंचते किरणों से पहले।
कभी जाते मंदिर लेने स्वामी से ज्ञान,
कभी मौलाना के पास लेने अरबी का सबक,
स्टेशन को जाती रेत भरी सड़क,
बांटे थे अखबार मैंने
चलते-पलते साये में तेरे।

दिन में स्कूल,
शाम में पढ़ाई,
मेहनत, मशक्कत, दिक्कतें, कठिनाई,
तेरी पाक शख्शियत ने बना दीं मधुर यादें।
जब तू झुकती नमाज में उठाए हाथ
अल्लाह का नूर गिरता तेरी झोली में
जो बरसता मुझ पर
और मेरे जैसे कितने नसीबवालों पर
दिया तूने हमेशा दया का दान।

याद है अभी जैसे कल ही,
दस बरस का मैं
सोया तेरी गोद में,
बाकी बच्चों की ईर्ष्या का बना पात्र-
पूरनमासी की रात
भरती जिसमें तेरा प्यार।
आधी रात में, अधमुंदी आंखों से ताकता तुझे,
थामता आंसू पलकों पर
घुटनों के बल
बांहों में घेरे तुझे खड़ा था मैं।
तूने जाना था मेरा दर्द,
अपने बच्चे की पीड़ा।
तेरी उंगलियों ने
निथारा था दर्द मेरे बालों से,
और भरी थी मुझमें
अपने विश्वास की शक्ति-
निर्भय हो जीने की,
जीतने की।
जिया मैं
मेरी माँ !
और जीता मैं।
कयामत के दिन
मिलेगा तुझसे फिर तेरा कलाम,
माँ तुझे सलाम।