Showing posts with label हिन्दी. Show all posts
Showing posts with label हिन्दी. Show all posts

Saturday, February 23, 2008

आर यू गे ? Are You Gay?

जी हां यदि आप पुरुष हैं और अपने किसी पुरुष मित्र के साथ उसके कंधे पर हाथ रखे हुए, सटकर या बहुत बिंदास मजाक करते हुए किसी सार्वजनिक जगह से गुजर रहे हैं तो लोगों की नजरें आप पर हैं।

पिछले कुछ समय से खुले या आधुनिक समाज में समलैंगिकता कोई बहुत दबा-छिपा मुद्दा नहीं रह गया है। आजकल ऐसे लोग भी आपको मिल जायेंगे जो खुलेआम इसे स्‍वीकारते भी मिल जायेंगे। पहले इस प्रकार के मुद्दों पर चर्चा करना तक ठीक नहीं समझा जाता था वहीं आज इसके समर्थन में लोग खुलकर सामने आने लगे हैं। इसलिए लोगों को दो समान लिंग के लोगों के घनिष्‍ठ व्‍यवहार को देखकर ये अनुमान लगाने में भी देर नहीं लगती कि दोनों समलैंगि‍क हैं।

हाल ही में मेरे साथ भी ऐसा ही एक वाकया हुआ। मैं और मेरा एक मित्र दोनों अक्‍सर शाम को शहर की सड़कों पर घूमने निकलते हैं। एक दिन रात को हम ऐसे ही सड़कों पर बिंदास गप्‍पबाजी करते घूम रहे थे। वहां से गुजरते हुए हमारे किसी दोस्‍त ने हमें देखा होगा और तुरंत एस.एम.एस किया- आर यू गे ? मैसेज पढ़कर अपन ने भी काउंटर मजाक किया- यस वी आर, वाई डोंट यू जॉइन अस। अब बंदा समझ गया कि अईसा मजाक नहीं करना चाहिए। उसने तुरंत पल्‍ला झाड़ा- सॉरी, आइम स्‍ट्रेट।

ये तो थी मजाक की बात। आजकल फिल्‍मों में भी इस प्रकार के प्रश्‍न अक्‍सर सुनने को मिल जाते हैं। इंद्र कुमार की भी एक फिल्‍म आई थी- मस्‍ती, उसमें भी सतीश शाह रितेश देशमुख और आफताब शिवदासानी को गे समझकर उनसे दूर भागता फिरता है।

पहले और आज भी छोटे कस्‍बों में यदि आप सार्वजनिक स्‍थान पर किसी लड़की के साथ देखे जाएं तो लोग कहेंगे- जरूर सेटिंग होगी साले की। भले ही आप अपनी किसी मित्र या रिश्‍तेदार के साथ हों। पर आजकल तो लड़कों के साथ भी घूमना सेफ नहीं है बाबा। लोग गे का ठप्‍पा लिए साथ घूम रहे हैं। संभलिए कहीं आप पर भी ये ठप्‍पा न लग जाए। और कहीं आपकी गर्लफ्रेंड को शक हो गया तो आपकी छुट्टी।

Saturday, January 12, 2008

दुनियां हसीनों का मेला अब भी है

मेरे एक मित्र हैं- स्‍वभाव से ही मनचले। मनचलापन, टुच्‍चापन, मोटरसायकल लहराकर लड़की को छेड़ते हुए निकलना जैसे गुण उनके व्‍यक्तित्‍व में चार चांद लगाते हैं। मुझे उनसे बड़ी जलन होती है क्‍योंकि चालू भाषा में बोलें तो उन्‍होंने अब तक के अपने जीवन में ऐश ही ऐश कीं पर हम जैसे लोग आमतौर पर जिंदगी को ऐश से जीने की बजाय ‘काटते’ हैं।

पर पिछले साल उनकी इस खूबसूरत जिंदगानी में ट्विस्‍ट आ गया। उनका ब्‍याह हो गया। भाभी को घर ले आए। ब्‍याह होने के बाद काफी समय तक हम यार लोग उनसे सहानुभूति जताते रहे। वे भी बड़ा सीरियस होकर हामी भरते रहे कि हां अब वे दिन कहां रहे ! अब तो जिंदगी की गाड़ी में जुत जाना है। पर वक्‍त बदल जाता है लोग नहीं बदलते। दोस्‍तों की भाषा में कहें तो वे आज भी अपने लड़की पटाओ अभियान में उसी तरह तन-मन-धन से जुटे हैं जैसे शादी के पहले थे। बल्कि यूं कहें कि अब पहले से अधिक कन्‍याएं उनसे पटी हैं। एक दिन मिल गए तो अपने मुंह से निकल ही गया कि भाई अब तो सुधर जाईये- आप अब पति-परमेश्‍वर हो गए हैं। ये सब शोभा नहीं देता, अब तो छोड़ दीजिए। मुझे उनके बिदकने की आशा थी। हुआ उल्‍टा। कहने लगे यार सही कहते हो- मैं तो पहले से ही सुधरने के बारे में सोचने लगा हूं। बस फिर क्‍या होना था अपन कुछ कहने लायक ही नहीं बचे।

कहते हैं समय अच्‍छे-अच्‍छों को बदल देता है। पर समय अच्‍छों को ही बदल पाया है चालुओं को नहीं। और अच्‍छों का बदलना भी क्‍या बदलना। अच्‍छे तो अक्‍सर चाहकर भी चालू नहीं हो पाते। मिल गए एक दिन मोटरसायकल पर सवारी करते हुए। अपन भी पीछे लद लिए और श्रीमान जब मोटरसायकल पर और मूड में हों तो शहर की सड़कें नापते हुए सौंदर्य-दर्शन का कर्तव्‍य बखूबी निभाते हैं। दर्शनार्थियों में तो हम भी हैं पर दर्शन के आगे के विधि-विधान के मामले में अपना तो डब्‍बा गोल है। श्रीमानजी सौंदर्य-दर्शन का लुत्‍फ लेते हुए अपनी कुछ पूर्व प्रेमिकाओं की गलियों में भी चक्‍कर काट रहे थे और अपन उनके सुधरने के प्रति किये गये वादों को याद कर रहे थे। कुछ दिन बाद हमने उनसे उनकी एक पूर्व प्रेमिका का जिक्र छेड़ दिया तो मुंह बिचका कर बोले- छोड़ो यार अब उन कहानियों को। हमें आस बंधी कि भाईसाहब धीरे-धीरे ही सही कम से कम भाभी के लिए पति परमेश्‍वर की भूमिका में आने का उपक्रम तो कर रहे हैं। पर ऐसी सब उम्‍मीदें तब टें बोल गयीं जब पता लगा कि श्रीमान पुरानी कन्‍याओं से और उनके नखरों से उकता गये हैं और नयी वालियों पर लाइन मार रहे हैं।

कभी-कभी लगता है कि अपन खाली-पीली वैसे ही लाइफ खराब किये। खाता तक नहीं खोल पाये। यहां आदमी चौके-छक्‍के लगा रहा है। कमीनेपन और दोहरी जिंदगी जीने का अपना मजा है। जब मन में आध्‍यात्‍म का कीड़ा कुलबुलाये तब मंदिर हो आये। शादी हो जाये तो दूसरों के सामने एक शरीफ गृहस्‍थ भी बन गए और इससे टाइम मिलने पर अपनी जानू के साथ मोबाइल पे प्रोग्राम भी फिक्‍स कर रहे हैं।

कभी-कभी आमिर खान को जूते मारने का मन करता है। गाना तो गा दिये- "दुनियां हसीनों का मेला मेले में ये दिल अकेला"। पर हमें ऐसा मेला कहीं नजर ही नहीं आया। हालांकि हमारे मित्र आमिर खान से पूरी तरह सहमत हैं और चूंकि दुनियां एक हसीनों का मेला है इसलिए उनकी भी मजबूरी है कि इस दुनियां का लुत्‍फ उठायें। हमें भी तो कोई इस मेले में ले चले !

Monday, September 24, 2007

राष्‍ट्रीय धर्मग्रंथ की आवश्‍यकता पर कुछ प्रश्‍न

पिछले दिनों इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय के एक जज की टिप्‍पणी से एक बेतुकी और निरर्थक सी बहस का जन्‍म हुआ कि गीता को राष्‍ट्रीय धर्मग्रंथ बनाया जाए या नहीं? इस विषय पर लोगों के अपने-अपने मत हो सकते हैं। परंतु यह बात काबिले गौर है कि अधिकांश बुद्धिजीवियों, संपादकों और लेखकों ने भी इस बात पर अपनी सहमति प्रकट की कि हमारे महान धर्मग्रंथ गीता को राष्‍ट्रीय धर्मग्रंथ बनाये जाने से देश का कुछ न कुछ भला ही होगा। इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय के माननीय न्‍यायाधीश की टिप्‍पणी से अलबत्‍ता केंद्र सरकार जरूर सकते में आ गई और उसके विधि मंत्री ने तुरत-फुरत ही भारत के धर्मनिरपेक्ष राष्‍ट्र होने का हवाला देते हुए ऐसी किसी आवश्‍यकता या संभावना को खारिज कर दिया। इस प्रकार के मुद्दों पर राजनीतिक दलों की आमतौर पर प्रतिक्रिया वोटबैंक केंद्रित ही होती है और इससे ज्‍यादा उनसे किसी प्रकार की उम्‍मीद भी नहीं की जा सकती। पर बहस के मूल में यह बात है कि क्‍या गीता को वाकई राष्‍ट्रीय धर्मग्रंथ घोषित किया जाना चाहिए? यदि हां तो ऐसा किये जाने के उद्देश्‍य और उसके परिणाम क्‍या होंगे?

इसके समर्थकों का तर्क है कि इस प्रकार के धर्मग्रंथ से हमारे राष्‍ट्र में, समाज में उच्‍च आदर्शों की स्‍थापना को बढ़ावा मिलेगा। गीता में जिस कर्मयोग की महत्‍ता प्रतिपादित की गई है, उसे फिर से जनमानस में प्रतिष्ठित किया जा सकेगा। नैतिकता के उच्‍च आदर्शों की प्राप्ति भी इस धर्मग्रंथ को राष्‍ट्रीय धर्मग्रंथ का दर्जा देने से सहज ही हो जायेगी, ऐसा उनका सोचना है। परंतु इस प्रकार के लोग अक्‍सर भूल जाते हैं कि महात्‍मा गांधी को राष्‍ट्रपिता मानने वाले देश का असली चरित्र क्‍या है? बुद्ध, महावीर और मर्यादा पुरुषोत्‍त्‍म राम की जन्‍मभूमि वाले इस देश में क्‍या इस प्रकार की थोथी घोषणाओं से नैतिक प्रतिमानों की पुनर्स्‍थापना संभव है?

यह निर्विवाद है कि गीता हमारी अमूल्‍य धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर है और इसका संदेश केवल हिंदुओं के लिए ही नहीं बल्कि सभी धर्म के अनुयायियों के लिए अनुकरणीय है। परंतु हमें यह भी गौर करना होगा कि इस प्रकार का प्रेरणास्‍पद ग्रंथ क्‍या वाकई राष्‍ट्रजीवन में उच्‍च आदर्शों की स्‍थापना में योगदान कर सकता है? स्‍पष्‍ट तौर पर नहीं ! क्‍योंकि स्‍वतंत्रता के पिछले साठ वर्षों में हमने जिस प्रकार के राष्‍ट्रीय चरित्र और संस्‍कृति का निर्माण किया है वह मात्र दिखावे से अधिक कुछ नहीं है। इस प्रकार के खोखले चरित्र की नींव पर महान सिद्धांतों, आदर्शों और मूल्‍यों की स्‍थापना कतई नहीं हो सकती।

आजादी से पहले के नेताओं की गौरवशाली विरासत कुछ ही सालों में धूल में मिला देने वाले देश में यह बात कितनी बेहूदा प्रतीत होती है कि मात्र किसी धर्मग्रंथ के प्रभाव से उस महान विरासत को पुनर्जीवन मिल सकेगा। आज जब संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ द्वारा आगामी 2 अक्‍टूबर से गांधी जयंती को अंतर्राष्‍ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है तब यह विचारणीय है कि गांधी की हमारे राष्‍ट्रजीवन में क्‍या प्रासंगिकता बची रह गई है। क्‍यों उनकी विचारधारा को फिल्‍मों की बैसाखी के सहारे ढोने का दिखावा किया जाता है। राष्‍ट्रपिता घोषित करने के बावजूद हमने उनके विचारों को ‘सादा जीवन उच्‍च विचार’ की बजाय ‘उच्‍च जीवन तुच्‍छ विचार’ में परिणत कर दिया है। जब मात्र साठ वर्षों में हमने उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की बजाय मटियामेट कर दिया तो फिर किस आधार पर कोई व्‍यक्ति यह कल्‍पना कर लेता है कि सदियों पुरानी धार्मिक विरासत को लोगों के बीच इतनी आसानी से मान्‍यता मिल जायेगी। यहां मान्‍यता शब्‍द को मैं भिन्‍न संदर्भ में प्रयोग कर रहा हूं। कुछ लोगों के लिए मान्‍यता का अर्थ उसकी जय-जयकार, उसकी प्रशंसा या उस पर गर्व करना हो सकता है। जबकि मेरा मानना है कि जब तक व्‍यक्ति अपने आचरण से किसी को मान्‍य नहीं करता है तब तक सभी प्रकार की मान्‍यताएं दिखावा मात्र हैं। हम लोग हमेशा अपनी प्रचीन और महान भारतीय सभ्‍यता के दंभ में फूले रहते हैं। जबकि आज उसी देश में एक ओर किसान आत्‍महत्‍या करते हैं और दूसरी ओर हमारी मायानगरी मुंबई गणेशोत्‍सव पर करोड़ों-अरबों रुपए फूंक देती है।

हमारी समस्‍या ये है कि हम अपने महापुरुषों पर गर्व तो करते हैं पर उनके अनुकरण में असुविधा महसूस करते हैं। राम के अस्तित्‍व के प्रश्‍न को लेकर पूरे देश की आस्‍था राम के संबंध में प्रकट होती है परंतु यह भी एक तथ्‍य है कि मर्यादा पुरुषोत्‍तम के पूजक इस देश में ही गरीबी और भुखमरी से पीडि़त लोगों तक पहुंचने के लिये आवंटित अनाज भ्रष्‍टाचार की भेंट चढ़ जाता है। क्‍या केवल पूजा मात्र से, जय-जयकारों से या ढकोसलों से हम एक महान राष्‍ट्र का निर्माण कर सकेंगे? क्‍या गीता को राष्‍ट्रीय धर्मग्रंथ घोषित करने के पश्‍चात् ही लोग उसका महत्‍व जान पायेंगे? गीता, रामायण हमारे देश के अधिकांश घरों के पूजाघरों में मिल जायेगीं। परंतु क्‍या पूजाघरों में रख देने से हमने उनके निहितार्थ को ग्रहण कर लिया?

भारत में धार्मिक कहे जाने वाले बहुत से लोग सुबह नहा-धोकर गीता पाठ करते हैं परंतु अपने सार्वजनिक जीवन में वे उन्‍हीं बुराईयों से युक्‍त हैं जिनके कारण देश को भ्रष्‍टाचार की सूची में अव्‍वल स्‍थान मिलता है। धर्मग्रंथों को पवित्र मानकर उनकी पूजा करने वाले घरों में भी कन्‍या भ्रूण-हत्‍या जैसे जघन्‍य अपराध अंजाम दिये जाते हैं। हर वर्ष दशहरे पर हम रावण नामक मिथकीय चरित्र के पुतले फूंककर बुराई पर अच्‍छाई का जश्‍न मनाते हैं। इसके बावजूद क्‍या हम अपने अंदर की बुराईयों का समूल नाश करने के लिए तत्‍पर हैं?

निष्‍कर्ष स्‍पष्‍ट है कि किसी ग्रंथ की मात्र पूजा कर लेने या उसे उच्‍च स्‍थान पर प्रतिष्ठित कर देने भर से देश का भला होने वाला नहीं है। जब तक कि हम वाकई अपने राष्‍ट्र, उसकी उन्‍नति और स्‍वयं अपनी उन्‍नति के प्रति समर्पित नहीं हैं। बुराई को मिटाने के लिए हमें खुद के भीतर झांकना होगा ना कि धर्मग्रंथों की झांकी लगाने से इसका निवारण संभव होगा। क्‍या हमें इस मामले में पश्चिम से सीख नहीं लेनी चाहिए कि बिना किसी धर्मग्रंथ और धार्मिक चोंचलों के बिना वे अपने नागरिकों को एक बेहतर जीवन स्‍तर प्रदान करने में सक्षम हो सके हैं।

Wednesday, June 27, 2007

Free Download or watch online old and new Hindi movies, tv serials and documentaries

आज फ़िल्म जगत और टीवी सीरियल्स से संबंधित एक बढ़िया जालस्थल का पता लगा. यदि आप नयी और पुरानी हिन्दी फ़िल्मों के शौकीन हैं तो इस जालस्थल पर आप मनपसंद फ़िल्में देख और डाउनलोड कर सकते हैं. दूरदर्शन के पुराने धारावाहिक और नये सेटैलाइट चैनल्स पर दिखाये जाने वाले धारावाहिक भी यहां उपलब्ध हैं. साथ ही कई विषयों पर बनी डाक्युमेन्टरी फ़िल्में भी यहां संग्रहित हैं. म्यूजिक वीडियोज साथ ही और भी बहुत कुछ. जालस्थल पर जाने के लिये यहां चटका लगाईये.

Thursday, June 07, 2007

खेती इन बॉलीवुड स्‍टाइल


ये लो बिग बी के बाद अब अपने देशभक्‍त आमिर खान भी देश की खाद्यान्‍न समस्‍या दूर करने निकल पड़े। उनकी मंशा है कि उन्‍हें भी पुणे में खेती के लिए जमीन मिले ताकि राजस्‍थान के साथ वे महाराष्‍ट्र में भी खाद्यान्‍न समस्‍या से निपट सकें। बाकी बालीवुड तो पहले से है ही लाइन में और हो भी क्‍यों न बिग बी खुद उनका नेतृत्‍व करने जो निकले हैं।

मुझे एक पुरानी फिल्‍म का गाना याद आ रहा है जिसमें नायक लोगों को ‘मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती मेरे देश की धरती ओओओओओ आआआआआ.......’ जैसा कुछ गाकर बताता है कि भाई लोग बहुत सोना दबा पड़ा है इस धरती में निकाल लो और बन जाओ खुशहाल। पर यहां तो गंगा एकदम ही उल्‍टी बह रही है। बिग बी बालीवुड से कह रहे हैं कि आओ जितना भी कमाया है उसमें से कुछेक करोड़ अपनी धरती मां को भी अर्पित करो और किसान बनके अपनी धरती मां की और देशवासियों की सेवा करो। पर भैया ये विदेश में शूटिंग करने वाले हमेशा ही भूल जाते हैं कि हिंदुस्‍तान में अच्‍छे काम करने वालों की कौन कदर करता है। इधर हमारे मनमोहन सिंह गला फाड़ के चिल्‍ला रहे हैं कि देश को खाद्यान्‍न समस्‍या से निपटने के लिए एक और हरित क्रांति की जरूरत है पर जब कांग्रेस में ही उनको कोई नहीं पूछता तो कोई और क्‍यों पूछने लगा। फिर भी ये बेचारे फिल्‍मी लोग अपने खून-पसीने की कमाई लगाकर प्रधानमंत्री के कहने पर खेती के लिए जमीनें खरीद रहे हैं कि आगे चलकर प्रधानमंत्री को शर्मिंदा न होना पड़े कि उनकी किसी ने सुनी ही नहीं।


पर आग लगे हिंदुस्‍तान में बने उल्‍टे-सीधे कानूनों को जो कुछेक अच्‍छे लोगों को उनका काम भी ठीक से नहीं क‍रने देते। अमिताभजी ने जब उन्‍होंने सुना कि महाराष्‍ट्र के बाद उत्‍तरप्रदेश के किसान भी आत्‍महत्‍या करने लगे हैं तो वे निकल पड़े लोगों को संदेश देने कि अमीरजादों जरा बेचारे गरीब किसान की भी हालत देखो। वो बेचारा भुखमरी के कगार पर है। सरकार नहीं दे रही तो हम ही उसे थोड़ा अन्‍न उगाकर दे दें। कितनी महान भावना है ये परोपकार की। पता लगते ही उधर छोटे भाई अमर सिंह ने बुला लिया कि भाईसाहब आपने वो कहावत तो सुनी है न- ‘चैरिटी बिगिंस एट होम’। अमिताभ भी समझ गये कि जब खुशहाली लानी ही है तो क्‍यों न पहले अपने ही घर को खुशहाल बनाया जाये और कूद पड़े हल लेकर बाराबंकी में। पर छोटे भाई का तो कर्तव्‍य ही है बड़े भाई की सेवा करना। सो छोटे भैया बोल पड़े कि आप कहां यहां उत्‍तरप्रदेश में फंसे हैं। यहां का काम तो हम देख ही रहे हैं आप जाईये आपका कार्यक्षेत्र बड़ा है, खुशहाली की ये लहर बाकी देश में भी चलाईये। बिग बी को बात जंच गई सो वो लगे पुणे में जुताई करने। पर उधर उनके बाडी गार्ड जैसे भाई के बुरे दिन आये तो क्‍या यूपी और क्‍या महाराष्‍ट्र दोनों जगह से उन्‍हें नोटिस मिल गया कि बंद करिए ये बालीवुडिया खेती और खिसकिए यहां से। जाकर सिनेमा में लोगों का मनोरंजन करिए। अब पूरा प्रशासन पड़ा है उनके और बालीवुड के पीछे डंडा लेके कि इतनी सालों से हमने इस देश में खुशहाली को फटकने भी नहीं दिया और तुम सालों खुशहाली लाकर, ज्‍यादा अन्‍न उगाकर हमें बदहाल करना चाहते हो।

मेरे ख्‍याल से माननीय उच्‍चतम न्‍यायालय को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए और यह आदेश पारित करना चाहिए कि जो फिल्‍मस्‍टार खेती का काम करना चाहें उनको इसका पूरा हक मिले। आखिर जो लोग रंग दे बसंती, लगे रहो मुन्‍नाभाई आदि फिल्‍में बनाकर देशभक्ति का नायाब उदाहरण देश के सामने प्रस्‍तुत करते हैं क्‍या उन्‍हें इतना भी हक नहीं कि वे अपनी इच्‍छा से खेती कर पायें। फिर भी प्रधानमंत्री के उस बयान से, जिसमें उन्‍होंने खेती में आवश्‍यकता से अधिक लोगों के लगे होने की बात कही थी, न्‍यायपालिका और संसद में टकराव हो सकता है क्‍योंकि वे नहीं चाहेंगे कि कुछ और लोग आकर खेती करें। पर मनमोहनजी चिंता मत करिए ये फिल्‍मी किसान आत्‍महत्‍या नहीं करने वाले जो आपको इन्‍हें मुआवजा देना पड़े और लानत झेलनी पड़े। इसलिए एक बीच का रास्‍ता तो निकलना ही चाहिए जिसमें सरकार खेती को सेलेब्रिटी स्‍टेटस दिलाने के लिए बाकायदा कुछ भूमि को बालीवुड के लिए आरक्षित कर दे। इससे दो फायदे तो तुरंत होंगे कि बालीवुड के लोगों की मेहनत का अन्‍न देश को मिलेगा और उस अन्‍न की नीलामी से मिलने वाले राजस्‍व से देश में कई नयी विकास परियोजनाएं शुरू की जा सकेंगीं। जिन लोगों में खरीदने की कूवत होगी वे शान से कहेंगे कि भई अपन तो बासमती की बजाय आमिर खान ब्रांड चावल खाते हैं या फिर मैं तो अमिताभ के खेत में उगा गेंहूं ही खाता हूं। कोई कहेगा- आइम सो चूजी एबाउट माइ फूड ब्रांड, ऑलवेज परचेज द वेजीटेबल्‍स ऑफ सलमान’स फार्म।


एक और फायदा होगा इसका कि खेती-किसानी जैसे कार्यों को स्‍वत: ही सेलेब्रिटी दर्जा मिल जायेगा। न्‍यूज चैनल का पत्रकार खेत में जाकर किसान से बात करेगा और कुछ इस प्रकार के सवाल-जवाब होंगे-


प्रश्‍न- कैसा महसूस कर रहे हैं आप खेती करते हुए?
उत्‍तर- देखौ भैया हम बस खेती करत हैं महसूस-फहसूस नाहीं करत।


प्रश्‍न- आजकल आपकी कौन-कौन सी फसलें फ्लोर पर हैं?
उत्‍तर- भैया ई फ्लोर का है?


प्रश्‍न- मतलब आपकी आगे कौन-कौन सी फसलें बाजार में आने वाली हैं?
उत्‍तर- जो फसल मौसम पे आये हैं सो ही इस बरस भी आये हैं।


प्रश्‍न- जब आपकी कोई फसल दूसरों की फसल से ज्‍यादा चलती है तो कैसा लगता है
?
उत्‍तर- भैया ये फसल का चलना-उलना अपन नहीं जानत।


प्रश्‍न- क्‍या फसल उगाने से पहले आप जुताई आदि की कोई रिहर्सल वगैरा करते हैं
?
उत्‍तर- भैया हम ये रिहर्सल ना जानें, हम तो बस खेती जानें हैं।


एक अंतिम सवाल- जब लोग आपको दूसरों से बेहतर हल चलाते देखकर प्रशंसा करते हैं तो कैसा फील करते हैं
?
उत्‍तर- भैया ई में प्रशंसा की कौन बात है। हमें तो खेती करन से मतलब, हम ई प्रशंसा के फेर-फार में नहीं पड़त।

पर फिर भी मुझे नहीं लगता कि सरकार की नीयत ठीक है और हमेशा उन्‍नत खेती की रट लगाने पर भी वह खेती की उन्‍नति के लिए कुछ कदम उठायेगी।

Thursday, May 10, 2007

विकलांग श्रद्धा का दौर – हरिशंकर परसाई

अभी-अभी एक आदमी मेरे चरण छूकर गया है। मैं बड़ी तेजी से श्रद्धेय हो रहा हूं, जैसे कोई चलतू औरत शादी के बाद बड़ी फुर्ती से पतिव्रता होने लगती है। यह हरकत मेरे साथ पिछले कुछ महीनों से हो रही है कि जब-तब कोई मेरे चरण छू लेता है। पहले ऐसा नहीं होता था। हॉं, एक बार हुआ था, पर वह मामला वहीं रफा-दफा हो गया। कई साल पहले एक साहित्यिक समारोह में मेरी ही उम्र के एक सज्जन ने सबके सामने मेरे चरण छू लिए। वैसे चरण छूना अश्लील कृत्य की तरह अकेले में ही किया जाता है। पर वह सज्जन सार्वजनिक रूप से कर बैठे, तो मैंने आसपास खड़े लोगों की तरफ गर्व से देखा- तिलचट्टों देखो मैं श्रद्धेय हो गया। तुम घिसते रहो कलम। पर तभी उस श्रद्धालु ने मेरा पानी उतार दिया। उसने कहा-, “अपना तो यह नियम है कि गौ, ब्राह्मण, कन्या के चरण जरूर छूते हैं।” यानी उसने मुझे बड़ा लेखक नहीं माना था। बम्हन माना था।

श्रद्धेय बनने की मेरी इच्छा तभी मर गई थी। फिर मैंने श्रद्धेयों की दुर्गति भी देखी। मेरा एक साथी पी-एच.डी. के लिए रिसर्च कर रहा था। डॉक्टरेट अध्ययन और ज्ञान से नहीं, आचार्य-कृपा से मिलती है। आचार्यों की कृपा से इतने डॉक्टर हो गए हैं कि बच्चे खेल-खेल में पत्थर फेंकते हैं तो किसी डॉक्टर को लगता है। एक बार चौराहे पर यहॉं पथराव हो गया। पॉंच घायल अस्पताल में भर्ती हुए और वे पॉंचों हिंदी के डॉक्टर थे। नर्स अपने अस्पताल के डॉक्टर को पुकारती: ‘डॉक्टर साहब’ तो बोल पड़ते थे ये हिंदी के डॉक्टर।

मैंने खुद कुछ लोगों के चरण छूने के बहाने उनकी टांग खींची है। लँगोटी धोने के बहाने लँगोटी चुराई है। श्रद्धेय बनने की भयावहता मैं समझ गया था। वरना मैं समर्थ हूं। अपने आपको कभी का श्रद्धेय बना लेता। मेरे ही शहर में कॉलेज में एक अध्यापक थे। उन्होने अपने नेम-प्लेट पर खुद ही ‘आचार्य’ लिखवा लिया था। मैं तभी समझ गया था कि इस फूहड़पन में महानता के लक्षण हैं। आचार्य बंबईवासी हुए और वहॉं उन्होने अपने को ‘भगवान रजनीश’ बना डाला। आजकल वह फूहड़ से शुरू करके मान्यता प्राप्त भगवान हैं। मैं भी अगर नेम-प्लेट में नाम के आगे ‘पंडित’ लिखवा लेता तो कभी का ‘पंडितजी’ कहलाने लगता।

सोचता हूं, लोग मेरे चरण अब क्यों छूने लगे हैं? यह श्रद्धा एकाएक कैसे पैदा हो गई? पिछले महीनों में मैंने ऐसा क्या कर डाला? कोई खास लिखा नहीं है। कोई साधना नहीं की। समाज का कोई कल्याण भी नहीं किया। दाड़ी नहीं बढ़ाई। भगवा भी नहीं पहना। बुजुर्गी भी कोई नहीं आई। लोग कहते हैं, ये वयोवृद्ध हैं। और चरण छू लेते हैं। वे अगर कमीने हुए तो उनके कमीनेपन की उम्र भी 60-70 साल हुई। लोग वयोवृद्ध कमीनेपन के भी चरण छू लेते हैं। मेरा कमीनापन अभी श्रद्धा के लायक नहीं हुआ है। इस एक साल में मेरी एक ही तपस्या है- टांग तोड़कर अस्पताल में पड़ा रहा हूं। हड्डी जुड़ने के बाद भी दर्द के कारण टांग फुर्ती से समेट नहीं सकता। लोग मेरी इस मजबूरी का नाजायज फायदा उठाकर झट मेरे चरण छू लेते हैं। फिर आराम के लिए मैं तख्त पर लेटा ही ज्यादा मिलता हूं। तख्त ऐसा पवित्र आसन है कि उस पर लेटे दुरात्मा के भी चरण छूने की प्रेरणा होती है।

क्या मेरी टांग में से दर्द की तरह श्रद्धा पैदा हो गई है? तो यह विकलांग श्रद्धा है। जानता हूं, देश में जो मौसम चल रहा है, उसमें श्रद्धा की टांग टूट चुकी है। तभी मुझे भी यह विकलांग श्रद्धा दी जा रही है। लोग सोचते होंगे- इसकी टांग टूट गई है। यह असमर्थ हो गया। दयनीय है। आओ, इसे हम श्रद्धा दे दें।

हां, बीमारी में से श्रद्धा कभी-कभी निकलती है। साहित्य और समाज के एक सेवक से मिलने मैं एक मित्र के साथ गया था। जब वह उठे तब उस मित्र ने उनके चरण छू लिए। बाहर आकर मैंने मित्र से कहा- “यार तुम उनके चरण क्यों छूने लगे?” मित्र ने कहा- “तुम्हें पता नहीं है, उन्हे डायबटीज हो गया है?” अब डायबटीज श्रद्धा पैदा करे तो टूटी टांग भी कर सकती है। इसमें कुछ अटपटा नहीं है। लोग बीमारी से कौन फायदे नहीं उठाते। मेरे एक मित्र बीमार पड़े थे। जैसे ही कोई स्त्री उन्हें देखने आती, वह सिर पकड़कर कराहने लगते। स्त्री पूछती- “क्या सिर में दर्द है?” वे कहते- “हां, सिर फटा पड़ता है।” स्त्री सहज ही उनका सिर दबा देती। उनकी पत्नी ने ताड़ लिया। कहने लगी- “क्यों जी, जब कोई स्त्री तुम्हें देखने आती है तभी तुम्हारा सिर क्यों दुखने लगता है?” उसने जवाब भी माकूल दिया। कहा- “तुम्हारे प्रति मेरी इतनी निष्ठा है कि परस्त्री को देखकर मेरा सिर दुखने लगता है। जान प्रीत-रस इतनेहु माहीं।”

श्रद्धा ग्रहण करने की भी एक विधि होती है। मुझसे सहज ढंग से अभी श्रद्धा ग्रहण नहीं होती। अटपटा जाता हूं। अभी ‘पार्ट टाइम’ श्रद्धेय ही हूं। कल दो आदमी आए। वे बात करके जब उठे तब एक ने मेरे चरण छूने को हाथ बढ़ाया। हम दोनों ही नौसिखुए। उसे चरण छूने का अभ्यास नहीं था, मुझे छुआने का। जैसा भी बना उसने चरण छू लिए। पर दूसरा आदमी दुविधा में था। वह तय नहीं कर पा रहा था कि मेरे चरण छुए या नहीं। मैं भिखारी की तरह से देख रहा था। वह थोड़ा सा झुका। मेरी आशा उठी। पर वह फिर सीधा हो गया। मैं बुझ गया। उसने फिर जी कड़ा करके कोशिश की। थोड़ा झुका। मेरे पांवों में फड़कन उठी। फिर वह असफल रहा। वह नमस्ते करके ही चला गया। उसने अपने साथी से कहा होगा- तुम भी यार कैसे टुच्चों के चरण छूते हो। मेरे श्रद्धालु ने जवाब दिया होगा- काम निकालने को उल्लुओं से ऐसा ही किया जाता है। इधर मुझे दिन-भर ग्लानि रही। मैं हीनता से पीडि़त रहा। उसने मुझे श्रद्धा के लायक नहीं समझा। ग्लानि शाम को मिटी जब एक कवि ने मेरे चरण छुए। उस समय मेरे एक मित्र बैठे थे। चरण छूने के बाद उसने मित्र से कहा, “मैंने साहित्य में जो कुछ सीखा है, परसाईजी से।” मुझे मालूम है, वह कवि सम्मेलनों में हूट होता है। मेरी सीख का क्या यही नतीजा है? मुझे शर्म से अपने-आपको जूता मार लेना था। पर मैं खुश था। उसने मेरे चरण छू लिए थे।

अभी कच्चा हूं। पीछे पड़ने वाले तो पतिव्रता को भी छिनाल बना देते हैं। मेरे ये श्रद्धालु मुझे पक्का श्रद्धेय बनाने पर तुले हैं। पक्के सिद्ध-श्रद्धेय मैंने देखे हैं। सिद्ध मकरध्वज होते हैं। उनकी बनावट ही अलग होती है। चेहरा, आंखे खींचने वाली। पांव ऐसे कि बरबस आदमी झुक जाए। पूरे व्यक्तित्व पर ‘श्रद्धेय’ लिखा होता है। मुझे ये बड़े बौड़म लगते हैं। पर ये पक्के श्रद्धेय होते हैं। ऐसे एक के पास मैं अपने मित्र के साथ गया था। मित्र ने उनके चरण छुए जो उन्होंने विकट ठंड में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चादर से बाहर निकाल रखे थे। मैंने उनके चरण नहीं छुए। नमस्ते करके बैठ गया। अब एक चमत्कार हुआ। होना यह था कि उन्हें हीनता का बोध होता कि मैंने उन्हें श्रद्धा के योग्य नहीं समझा। हुआ उल्टा। उन्होंने मुझे देखा। और हीनता का बोध मुझे होने लगा- हाय मैं इतना अधम कि अपने को इनके पवित्र चरणों को छूने के लायक नहीं समझता। सोचता हूं, ऐसा बाध्य करने वाला रोब मुझ ओछे श्रद्धेय में कब आयेगा।

श्रद्धेय बन जाने की इस हल्की सी इच्छा के साथ ही मेरा डर बरकरार है। श्रद्धेय बनने का मतलब है ‘नान परसन’-‘अव्यक्ति’ हो जाना। श्रद्धेय वह होता है जो चीजों को हो जाने दे। किसी चीज का विरोध न करे- जबकि व्यक्ति की, चरित्र की, पहचान ही यह है कि वह किन चीजों का विरोध करता है। मुझे लगता है, लोग मुझसे कह रहे हैं- तुम अब कोने में बैठो। तुम दयनीय हो। तुम्हारे लिए सब कुछ हो जाया करेगा। तुम कारण नहीं बनोगे। मक्खी भी हम उड़ाएंगे।

और फिर श्रद्धा का यह कोई दौर है देश में? जैसा वातावरण है, उसमें किसी को भी श्रद्धा रखने में संकोच होगा। श्रद्धा पुराने अखबार की तरह रद्दी में बिक रही है। विश्वास की फसल को तुषार मार गया। इतिहास में शायद कभी किसी जाति को इस तरह श्रद्धा और विश्वास से हीन नहीं किया गया होगा। जिस नेतृत्व पर श्रद्धा थी, उसे नंगा किया जा रहा है। जो नया नेतृत्व आया है, वह उतावली में अपने कपड़े खुद उतार रहा है। कुछ नेता तो अंडरवियर में ही हैं। कानून से विश्वास गया। अदालत से विश्वास छीन लिया गया। बुद्धिजीवियों की नस्ल पर ही शंका की जा रही है। डॉक्टरों को बीमारी पैदा करने वाला सिद्ध किया जा रहा है। कहीं कोई श्रद्धा नहीं विश्वास नहीं।

अपने श्रद्धालुओं से कहना चाहता हूं- “यह चरण छूने का मौसम नहीं, लात मारने का मौसम है। मारो एक लात और क्रांतिकारी बन जाओ।”

(हरिशंकर परसाई की साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित कृति ‘विकलांग श्रद्धा का दौर’ से साभार।)

राष्ट्रपति कलाम की दो कविताएं

हमारे माननीय राष्ट्रपति जो ’जनता के रासःट्रपति के रूप में अधिक लोकप्रिय हैं. एक वैज्ञानिक, दार्शनिक, लेखक आदि के रूप में तो उनकी प्रतिभा सर्वविदित है ही साथ ही वे एक बहुत अच्छे कवि भी हैं. निम्न कवितएं उनकी आत्मकथा ’अग्नि की उड़ान से ली गयी हैं....


ज्ञान का दीपक जलाए रखूंगा

हे भारतीय युवक
ज्ञानी-विज्ञानी
मानवता के प्रेमी
संकीर्ण तुच्छ लक्ष्य
की लालसा पाप है।
मेरे सपने बड़े
मैं मेहनत करूंगा
मेरा देश महान् हो
धनवान् हो, गुणवान् हो
यह प्रेरणा का भाव अमूल्य है,
कहीं भी धरती पर,
उससे ऊपर या नीचे
दीप जलाए रखूंगा
जिससे मेरा देश महान हो।



माँ

समंदर की लहरें,
सुनहरी रेत,
श्रद्धानत तीर्थयात्री,
रामेश्वरम द्वीप की वह छोटी-पूरी दुनिया।
सबमें तू निहित,
सब तुझमें समाहित।

तेरी बांहों में पला मैं,
मेरी कायनात रही तू।
जब छिड़ा विश्वयुद्ध, छोटा सा मैं
जीवन बना था चुनौती, जिंदगी अमानत
मीलों चलते थे हम
पहुंचते किरणों से पहले।
कभी जाते मंदिर लेने स्वामी से ज्ञान,
कभी मौलाना के पास लेने अरबी का सबक,
स्टेशन को जाती रेत भरी सड़क,
बांटे थे अखबार मैंने
चलते-पलते साये में तेरे।

दिन में स्कूल,
शाम में पढ़ाई,
मेहनत, मशक्कत, दिक्कतें, कठिनाई,
तेरी पाक शख्शियत ने बना दीं मधुर यादें।
जब तू झुकती नमाज में उठाए हाथ
अल्लाह का नूर गिरता तेरी झोली में
जो बरसता मुझ पर
और मेरे जैसे कितने नसीबवालों पर
दिया तूने हमेशा दया का दान।

याद है अभी जैसे कल ही,
दस बरस का मैं
सोया तेरी गोद में,
बाकी बच्चों की ईर्ष्या का बना पात्र-
पूरनमासी की रात
भरती जिसमें तेरा प्यार।
आधी रात में, अधमुंदी आंखों से ताकता तुझे,
थामता आंसू पलकों पर
घुटनों के बल
बांहों में घेरे तुझे खड़ा था मैं।
तूने जाना था मेरा दर्द,
अपने बच्चे की पीड़ा।
तेरी उंगलियों ने
निथारा था दर्द मेरे बालों से,
और भरी थी मुझमें
अपने विश्वास की शक्ति-
निर्भय हो जीने की,
जीतने की।
जिया मैं
मेरी माँ !
और जीता मैं।
कयामत के दिन
मिलेगा तुझसे फिर तेरा कलाम,
माँ तुझे सलाम।

Wednesday, April 18, 2007

रेख्‍ते में कविता – उदय प्रकाश


जैसे कोई हुनरमंद आज भी
घोड़े की नाल बनाता दिख जाता है
ऊंट की खाल की मशक में जैसे कोई भिश्‍ती
आज भी पिलाता है जामा मस्जिद और चांदनी चौक में
प्‍यासों को ठंडा पानी

जैसे अमरकंटक में अब भी बेचता है कोई साधू
मोतियाबिंद के लिए गुल बकावली का अर्क

शर्तिया मर्दानगी बेचता है
हिंदी अखबारों और सस्‍ती पत्रिकाओं में
अपनी मूंछ और पग्‍गड़ के
फोटो वाले विज्ञापन में हकीम बीरूमल आर्यप्रेमी

जैसे पहाड़गंज रेलवे स्‍टेशन के सामने
सड़क की पटरी पर
तोते की चोंच में फंसाकर बांचता है ज्‍योतिषी
किसी बदहवास राहगीर का भविष्‍य
और तुर्कमान गेट के पास गौतम बुद्ध मार्ग पर
ढाका या नेपाल के किसी गांव की लड़की
करती है मोलभाव रोगों, गर्द, नींद और भूख से भरी
अपनी देह का

जैसे कोई गड़रिया रेल की पटरियों पर बैठा
ठीक गोधूलि के समय
भेड़ों को उनके हाल पर छोड़ता हुआ
आज भी बजाता है डूबते सूरज की पृष्‍ठभूमि में
धरती का अंतिम अलगोझा

इत्तिला है मीर इस जमाने में
लिक्‍खे जाता है मेरे जैसा अब भी कोई-कोई
उसी रेख्‍ते में कविता

लेखक- उदय प्रकाश