Showing posts with label hindi. Show all posts
Showing posts with label hindi. Show all posts

Saturday, April 05, 2008

ग से ‘गाय’ नहीं सी फॉर ‘काऊ’

मेरे चिट्ठे पर प्रकाशित डा. निरंजन कुमार का आलेख पढ़कर हमें पता चला कि कैसे इस देश का नाम इंडिया पड़ा और अपने देश के लिए आजकल भारत या हिन्‍दुस्‍तान की बजाय लोग विदेशियों की तर्ज पर इंडिया शब्‍द का प्रयोग करना अपनी शान समझते हैं।

पर ये इंडियंस वास्‍तव में चाहते क्‍या हैं ? इंडिया शब्‍द कहने से केवल इस बात का बोध नहीं होता कि फलां व्‍यक्ति अपने देश का नाम अंग्रेजी में ले रहा है बल्कि इसके बहुत गहरे निहितार्थ हैं और इसके पीछे की मंशा पर भी विचार किया जाना चाहिए।

सीधे शब्‍दों में कहा जाए तो यह तीन अक्षर का शब्‍द ‘इंडिया’ हमारी हजारों वर्षों की पहचान को मिटाने की विदेशी साजिशों और हमारे देश में रहने वाले ‘इंडियंस’ की नासमझी और विकृत मानसिकता का प्रतीक है।

मेरे पड़ौस में रहने वाले शर्माजी अपने दो वर्षीय नाती को घुमाने ले जाते हैं तो रास्‍ते में मिलने वाले जानवरों से उसका परिचय कराते हैं। परिचय कराते समय वे इस बात का विशेष ध्‍यान रखते हैं कि जिन भी जानवरों का नाम वे अपने नाती को बतायें वे अंग्रेजी में हों। गाय के लिए काउ, कुत्‍ते के लिए डॉग, सुअर के लिए पिग और चिडि़या के लिए बर्ड जैसे शब्‍द वे अपने छोटे से नाती को सिखाते हैं। एक दिन वे सिखा रहे थे- काउ इज अवर मदर। मुझे लगा कि अगले दिन वे यह न सिखाने लगें कि एलिजाबेथ इज अवर मदर।

खैर ये तो एक उदाहरण है। पर आप कहीं भी नजर दौड़ाईये आप ये अवश्‍य पाएंगे कि जो ‘इंडियंस’ खुद अपनी पूरी उमर में अंग्रेजी नहीं सीख पाए वे बच्‍चे को अंग्रेजी में धुरंधर बनाने का अजीब सा हठ रखते हैं। हर कोई इस बात पर तुल गया है कि कैसे भी करके अपने बच्‍चे को अंग्रेजी ही सिखाई जाए और ऐसे में भले बच्‍चा अपनी भाषा हिंदी सीखने से वंचित रह जाए। हिंदी सीखने को एक गैरजरूरी और समय बर्बाद करने वाला काम समझा जाने लगा है। मेरे एक परिचित डॉक्‍टर के पास एक सज्‍जन अपने बेटे को दिखाने लाए। डॉक्‍टर ने कहा- बेटे जीभ दिखाओ। बच्‍चे ने नहीं दिखाई। फिर उसके पिता ने कहा- बेटे टंग दिखाओ और बेटे ने जीभ दिखा दी।

अपनी उमर भर गाय को गैया कहने वाले और पक्षियों को परेबा कहने वाले जब छोटे बच्‍चों के सामने बनावटी ढंग से अंग्रेजी में ‘काउ’ और ‘बर्ड’ हांकने लगते हैं तो दिल को बहुत कोफ्त होती है। अंग्रेजी को एक विषय के रूप में सिखाये जाने की बजाय हम बच्‍चों को पूरा ही अंग्रेज बनाने पर तुल गये हैं। इस तरह के ब्रेनवॉश से जो पीढ़ी सामने आयेगी वो बाद में अपने बुजुर्ग मां-बाप से यही पूछेगी कि- ‘व्‍हाट इज दिस फ्रीडम फाइटर एंड व्‍हाई डिड दे फाईट फार इंडिया’। तो फिर वे क्‍या जवाब देंगे ? क्‍या ऐसे लोग जो खुद अपनी पहचान मिटाने पर तुले हैं अपने बच्‍चों को समझायेंगें कि हमारे स्‍वतंत्रता-सेनानी अपनी पहचान, अपने भारत के लिए अंग्रेजों से लड़े। ये कैसे अपने बच्‍चों को ये समझा पाएंगे कि वे किस भारत देश के लिए लड़े जबकि ये लोग अब उसी भारत के खिलाफ, उसकी पहचान के खिलाफ हैं। भाषा केवल शब्‍दों के माध्‍यम से अपनी बात कहना भर नहीं है। उससे हमारी पहचान, हमारा इतिहास, हमारा सम्‍मान बहुत कुछ जुड़ा होता है।

अभिभावकों द्वारा ऐसी मानसिकता को अपना लिये जाने के भी कुछ कारण हैं। हर किसी के अंदर एक बहुत बड़ा डर बैठा हुआ है कि हमारा बच्‍चा किसी से कमतर न हो और इस कमतरी का मतलब हिंदी में बात करना, अंकल को चाचा कहना और टेंपल को मंदिर कहना समझ लिया गया है। लोगों को लगता है यदि बच्‍चे को जिंदगी की रेस में दौड़ाना है तो उन्‍हें ‘घोड़े’ को घोड़े की बजाय ‘हॉर्स’ कहना सिखाना होगा। हर कोई अपनी पहचान को मिटाने और अंग्रेज बन जाने की जद्दोजहद में लगा हुआ है। भारतीयता को मूर्खता, पिछड़ेपन और गँवारपन का पर्याय मान लिया गया है। लोग खुद के भारतीय होने पर शर्म महसूस करते हैं। हम खुद के भारतीय होने के खिलाफ लड़ रहे हैं। अपनी पहचान के खिलाफ लड़ रहे हैं। हम उस पहचान के‍ खिलाफ लड़ रहे हैं जिससे हमारा अस्तित्‍व है और अपने ही अस्तित्‍व के खिलाफ इस लड़ाई में हम खुद को ही हार जाने वाले हैं।

Saturday, January 12, 2008

दुनियां हसीनों का मेला अब भी है

मेरे एक मित्र हैं- स्‍वभाव से ही मनचले। मनचलापन, टुच्‍चापन, मोटरसायकल लहराकर लड़की को छेड़ते हुए निकलना जैसे गुण उनके व्‍यक्तित्‍व में चार चांद लगाते हैं। मुझे उनसे बड़ी जलन होती है क्‍योंकि चालू भाषा में बोलें तो उन्‍होंने अब तक के अपने जीवन में ऐश ही ऐश कीं पर हम जैसे लोग आमतौर पर जिंदगी को ऐश से जीने की बजाय ‘काटते’ हैं।

पर पिछले साल उनकी इस खूबसूरत जिंदगानी में ट्विस्‍ट आ गया। उनका ब्‍याह हो गया। भाभी को घर ले आए। ब्‍याह होने के बाद काफी समय तक हम यार लोग उनसे सहानुभूति जताते रहे। वे भी बड़ा सीरियस होकर हामी भरते रहे कि हां अब वे दिन कहां रहे ! अब तो जिंदगी की गाड़ी में जुत जाना है। पर वक्‍त बदल जाता है लोग नहीं बदलते। दोस्‍तों की भाषा में कहें तो वे आज भी अपने लड़की पटाओ अभियान में उसी तरह तन-मन-धन से जुटे हैं जैसे शादी के पहले थे। बल्कि यूं कहें कि अब पहले से अधिक कन्‍याएं उनसे पटी हैं। एक दिन मिल गए तो अपने मुंह से निकल ही गया कि भाई अब तो सुधर जाईये- आप अब पति-परमेश्‍वर हो गए हैं। ये सब शोभा नहीं देता, अब तो छोड़ दीजिए। मुझे उनके बिदकने की आशा थी। हुआ उल्‍टा। कहने लगे यार सही कहते हो- मैं तो पहले से ही सुधरने के बारे में सोचने लगा हूं। बस फिर क्‍या होना था अपन कुछ कहने लायक ही नहीं बचे।

कहते हैं समय अच्‍छे-अच्‍छों को बदल देता है। पर समय अच्‍छों को ही बदल पाया है चालुओं को नहीं। और अच्‍छों का बदलना भी क्‍या बदलना। अच्‍छे तो अक्‍सर चाहकर भी चालू नहीं हो पाते। मिल गए एक दिन मोटरसायकल पर सवारी करते हुए। अपन भी पीछे लद लिए और श्रीमान जब मोटरसायकल पर और मूड में हों तो शहर की सड़कें नापते हुए सौंदर्य-दर्शन का कर्तव्‍य बखूबी निभाते हैं। दर्शनार्थियों में तो हम भी हैं पर दर्शन के आगे के विधि-विधान के मामले में अपना तो डब्‍बा गोल है। श्रीमानजी सौंदर्य-दर्शन का लुत्‍फ लेते हुए अपनी कुछ पूर्व प्रेमिकाओं की गलियों में भी चक्‍कर काट रहे थे और अपन उनके सुधरने के प्रति किये गये वादों को याद कर रहे थे। कुछ दिन बाद हमने उनसे उनकी एक पूर्व प्रेमिका का जिक्र छेड़ दिया तो मुंह बिचका कर बोले- छोड़ो यार अब उन कहानियों को। हमें आस बंधी कि भाईसाहब धीरे-धीरे ही सही कम से कम भाभी के लिए पति परमेश्‍वर की भूमिका में आने का उपक्रम तो कर रहे हैं। पर ऐसी सब उम्‍मीदें तब टें बोल गयीं जब पता लगा कि श्रीमान पुरानी कन्‍याओं से और उनके नखरों से उकता गये हैं और नयी वालियों पर लाइन मार रहे हैं।

कभी-कभी लगता है कि अपन खाली-पीली वैसे ही लाइफ खराब किये। खाता तक नहीं खोल पाये। यहां आदमी चौके-छक्‍के लगा रहा है। कमीनेपन और दोहरी जिंदगी जीने का अपना मजा है। जब मन में आध्‍यात्‍म का कीड़ा कुलबुलाये तब मंदिर हो आये। शादी हो जाये तो दूसरों के सामने एक शरीफ गृहस्‍थ भी बन गए और इससे टाइम मिलने पर अपनी जानू के साथ मोबाइल पे प्रोग्राम भी फिक्‍स कर रहे हैं।

कभी-कभी आमिर खान को जूते मारने का मन करता है। गाना तो गा दिये- "दुनियां हसीनों का मेला मेले में ये दिल अकेला"। पर हमें ऐसा मेला कहीं नजर ही नहीं आया। हालांकि हमारे मित्र आमिर खान से पूरी तरह सहमत हैं और चूंकि दुनियां एक हसीनों का मेला है इसलिए उनकी भी मजबूरी है कि इस दुनियां का लुत्‍फ उठायें। हमें भी तो कोई इस मेले में ले चले !

Wednesday, September 12, 2007

दर्शन दे-दे बिजली मैया जियरा ब्‍लागिंग को तड़पे

कुछ समय पहले हमने जोर-शोर से घोषणा की कि अब तो हमारा नाम ब्‍लाग-जगत में नियमित लेखकों में शुमार होकर रहेगा। पर हाय रे किस्‍मत! हमारी बिजली मैया को ये घोषणा रास न आई। तब से लेकर आज तक बिजली हमें ठेंगा दिखा रही है कि लो बेट्टा कल्‍लो ब्‍लागिंग। बिजली मैया पहले भी अंतर्धान होती थी पर इस बार से कुछ ऐसा संयोग बना कि जब भी कुछ लिखने का आइडिया दिमाग में आया बिजली गुल। लगता है हमारे दिमाग और बिजलीघर के फ्यूज वायर का कुछ संबंध है तभी तो इधर कुछ लिखने के बारे में दिमाग पर जोर डाला, उधर बिजली गुल। शायद ज्‍यादा लोड नहीं झेल पाता।

चंबल क्षेत्र में बारिश के मौसम में बाजरे की फसल बहुत होती है। पर हर साल की तरह इस बार भी बारिश कम हुई तो किसानों के मुंह लटक गए। पर हमें क्‍या ! हम न तो बाजरा उगाते हैं, न खाते हैं। हम क्‍या जानें किसानों का दर्द। पर जबसे बिजली मैया ने हमें तरसाना शुरू किया तब हमें जाकर किसानों का दर्द समझ में आया कि कैसे वो टकटकी लगाकर बादलों का इंतजार करते हैं। वैसे भी भारत में बिजली और मानसून में बहुत समानता है। किसान लोग फसल के लिए मानसून की बाट जोहते हैं और दूसरे शहरी लोग अपने रोजमर्रा के कामों के लिए बिजली की। वैसे आजकल हमारे प्रदेश की सत्‍ताधारी पार्टी भी अपने विकास कार्यों की ढपली बजाते हुए विकास शिविर लगाकर लोगों को बता रही है कि पिछले समय में प्रदेश में कितना धुंआधार विकास हुआ है। पर लोगों को उनकी बात समझ में ही नहीं आती उन्‍हें तो 24 घंटे बिजली चाहिए। चौबीस घंटे तो भैया सूर्य देव भी अपना प्रकाश नहीं देते फिर ये तो बिजली है।

हमारे दिमाग में यकायक एक खयाल आया कि क्‍यों न गुलजार साब को ही एक चिट्ठी लिख दें। सुना है हाल ही में उन्‍होंने माचिस की बजाय जिगरे से बीड़ी जलाने का तरीका ईजाद किया है। उसी तरह उनसे गुजारिश कर दें कि बिना बिजली के हिन्‍दी ब्‍लागर्स के लिए भी ब्‍लागिंग करने का कोई फार्मूला निकालें। वैसे भी उनका हिन्‍दी के विकास में बड़ा योगदान है। थोड़ा और सही। पर हमें इधर भारतीय डाक विभाग पर भरोसा नहीं रहा कि वो हमारी चिट्ठी पहुंचा ही देगा या लेटरबाक्‍स में पानी भरने से उसका राम नाम सत्‍त हो जाएगा। सो ब्‍लागर बंधुओं से भी गुजारिश है कि वे भी अपने स्‍तर पर प्रयास करके ये संदेश गुलजार साब तक पहुंचाएं।

खैर एकमात्र खुशी की बात यह है कि अभी-अभी हमारे निकटवर्ती शहर के ब्‍लागर मित्र प्रतीक पाण्‍डे की तरफ से एक सुझाव आया है। उन्‍होंने बड़ी नेक सलाह दी है कि जब भी कोई नया आइडिया दिमाग में कुलबुलाए उसे डायरी पर नोट कर लीजिए। फिर जब भी बिजली मैया की कृपा हो तो टुकड़ों-टुकड़ों में उसे टाइप कर डालिए और कर दीजिए पोस्‍ट। सो प्रतीक भाई की सलाह मानकर यह पोस्‍ट लिखी जा सकी है। इसलिए इसका श्रेय भी उन्‍हीं को दिया जाना चाहिए। हां, यदि गलती से आपको ये पोस्‍ट अच्‍छी लगे तो श्रेय अपुन को भी दिया जा सकता है।:)

Friday, June 08, 2007

झीनी झीनी बीनी चदरिया

पिछली बार मैंने जिस किताब का जिक्र किया था वह बनारस शहर की खूबसूरत संस्‍कृति को एक चलचित्र की भांति हमारे सामने प्रस्‍तुत करती है। पर कमाल की बात यह है कि उसके बाद फिर से एक किताब हाथ लगी जो हमें उसी बनारस की गलियों में वापस ले जाती है। बनारस शहर को बड़ी नजदीकी से देखने वाले लेखक अब्‍दुल बिस्मिल्‍लाह अपनी पुस्‍तक के माध्‍यम से हमें बनारस की उस संस्‍कृति के समक्ष ला खड़ा करते हैं जहां इस शहर का एक तबका सदियों से अपनी कला के माध्‍यम से बनारस के साड़ी उद्योग की पहचान विश्‍व भर में कायम रखे हुए है। अपनी जिंदगी में आने वाली कठिनाईयों से जूझते हुए ये कलाकार किस तरह आज भी इस अद्भुत कलाकारी को जिंदा रखे हुए हैं, इसी की बानगी प्रस्‍तुत करती हुई पुस्‍तक है ‘झीनी झीनी बीनी चदरिया’।


कबीर के इन मेहनतकश वंशजों को इस बात का गर्व है कि आज भी उनकी यह कला बनारस शहर की पहचान है। यह पुस्‍तक एक झरोखा है जो उनके समाज की गलियों, मुहल्‍लों में जाकर खुलता है और हमें दर्शन कराता है बनारसी साड़ी के बुनकरों के जीवन का, उनके संघर्षों का, मशीनों के युग में भी हथकरघे की श्रेष्‍ठता सिद्ध करने के उनके प्रयासों का, व्‍यवस्‍था द्वारा किये जाने वाले उनके शोषण का और भी बहुत कुछ का। जो बाहरी दुनिया के लिए एकदम अनजाना ही है।


उपन्‍यास का कथाक्रम मुख्‍यत: मतीन और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमता है, जिसमें हैं उसकी बीवी अलीमुन और बेटा इकबाल। मतीन भी आम गरीब बुनकर की तरह शोषण का शिकार है, पर वह संघर्ष से डरने वाला इंसान नहीं है। वह अपनी और अपने समाज की बदहाली पर आंसू नहीं बहाता बल्कि खाली हाथ होते हुए भी इस स्थिति को बदल डालने के लिए भरसक प्रयास करता है। वह अपने बेटे इकबाल के लिए एक बेहतर भविष्‍य की कल्‍पना करता है और इसके लिए जी-तोड़ संघर्ष करता है। इस संघर्ष में समाज के लोग भी उसका साथ देते हैं। पर भ्रष्‍ट सरकारी संस्‍थाओं और सेठों व गिरस्‍तों का चक्रव्‍यूह उनके लिए भारी पड़ता है और वे अपने को असहाय पाते हैं। पर पात्रों का सबसे बड़ा जज्‍बा है हार न मानने का, जिसे वे बार-बार ठोकर खाने के बावजूद अंत तक चुकने नहीं देते।


साड़ी बुनकरों की जिंदगी को उनकी सामाजिक परंपराओं, रूढि़यों, विश्‍वासों आदि ने किस हद तक प्रभावित किया है इसका लेखक ने अच्‍छा विश्‍लेषण किया है। मुस्लिम बुनकरों के इस समाज को कुरीतियों, ढोंग, मजहब के नाम पर बने व्‍यर्थ के नियम-कायदों आदि ने जिस बुरी तरह जकड़ रखा है, वह भी पिछड़ेपन की इन परिस्थितियों के लिए बहुत हद तक जिम्‍मेदार है। पर सबसे अच्‍छी बात है कि इसी समाज में से कुछ ऐसे लोग भी उठ खड़े होते हैं जिन्‍हें इस बात का भान हो चुका है कि यदि हमें उन्‍नति करनी है तो ये जड़वाद तोड़ना होगा और इन्‍हीं के कारण इस गरीब समाज ने आशा का दामन नहीं छोड़ा है। सोवियतलैंड-नेहरू पुरस्‍कार से सम्‍मानित अब्‍दुल बिस्मिल्‍लाह की यह कृति एक बेहतरीन रचना है और गरीब बुनकरों की अभावों से भरी जिंदगी पर व्‍यर्थ करुणा पैदा करने के बजाय संघर्ष करने के उस जज्‍बे को समर्पित है जो बार-बार ठो‍करें खाने के बावजूद भी उनके दिलों में जिंदा है।


प्रकाशक- राजकमल प्रकाशन
मूल्‍य- पचास रुपये(पेपरबैक संस्‍करण)