Showing posts with label hindi movie. Show all posts
Showing posts with label hindi movie. Show all posts

Monday, March 31, 2008

जिंदगी की नहीं फिल्‍मी रेस

अब्‍बास-मस्‍तान से जितनी उम्‍मीद की जाती है वे उससे ज्‍यादा कभी खरे नहीं उतरते। हालिया रिलीज रेस भी उनकी उसी थ्रिलर श्रेणी की फिल्‍म है जिसके लिए वे जाने जाते हैं। हालांकि थ्रिलर फिल्‍में वे लंबे समय से बनाते आ रहे हैं पर इस बार भी वे अपनी पुरानी लीक पर ही दिखाई देते हैं। भड़काऊ संगीत, स्‍वार्थी किरदारों की आपसी लड़ाई और धुंआधार प्रचार इन सब चीजों का प्रयोग वे खुलकर अपनी फिल्‍मों में करते आए हैं। उनकी खासियत या कहें कौशल कि वे व्‍यावसायिक रूप से औसत दर्जे की फिल्‍म बनाकर सिनेमाघर में लोगों को खींच ही लाते हैं।

इस बार रेस में उन्‍होंने अपनी इसी शैली और भीड़ खेंचू स्‍टारकास्‍ट के साथ अच्‍छा प्रयोग किया है। फिल्‍म दो भाईयों रणवीर(सैफ अली खान) और राजीव(अक्षय खन्‍ना) की आपसी लड़ाई पर केंद्रित है। दौलत के लिए ये दोनों एक-दूसरे की जान के दुश्‍मन बन जाते हैं। फिल्‍म में बिपाशा बसु, कैटरीना कैफ और समीरा रेड्डी जैसी अभिनेत्रियां महत्‍वपूर्ण किरदारों में हैं। अनिल कपूर भी इनवेस्‍टीगेशन ऑफीसर के कमाल के किरदार में हैं। अनिल कपूर आजकल किसी भी फिल्‍म में और कैसे भी किरदार में दिखाई दें प्रभावित करते हैं। फिल्‍म की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका के शानदार लोकेशनों पर हुई है जो फिल्‍म की जान हैं। कैटरीना कैफ और बिपाशा हमेशा की तरह खूबसूरत और सेक्‍सी नजर आती हैं। सैफ अपने पूरे फॉर्म में हैं।

फिल्‍म की कहानी बहुत दमदार तो नहीं पर अंत तक दर्शक को बांधे रखती है। कहानी के हिसाब से किरदारों का प्रयोग बढि़या तरीके से निर्देशकद्वय ने किया है। फिल्‍म के गाने टीवी के प्रोमो के हिसाब से तो बहुत अच्‍छे हैं पर फिल्‍म में ठूंसे हुए हैं। तेज गति से भागती फिल्‍म में गाने बोर ही करते हैं। फिल्‍म के अंत में तेज संगीत के साथ कारों की रेस दिखाई जाती है। इसे देखकर लगता है अब्‍बास-मस्‍तान ने अपनी थ्रिलर शैली और मसाला सिनेमा का कॉकटेल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

प्रीतम चक्रबर्ती जैसे संगीत के लिए जाने जाते हैं वैसा ही उन्‍होंने इस फिल्‍म में भी दिया है। गानों के वीडियोज प्रभावित करते हैं पर फिल्‍म में सिचुएशन के हिसाब से नहीं लगते। कुमार तौरानी की यह फिल्‍म भीड़ खींचने में कामयाब हो रही है। हालांकि इस हफ्ते रिलीज हुई वन टू थ्री इसे कड़ी टक्‍कर देगी। जिंदगी की रेस दिखाकर फिल्‍म को पैसे कमाने की रेस में दौड़या गया है और काफी हद तक यह सफल भी है।

Saturday, March 15, 2008

और भी रंग हैं जिंदगी के: ब्‍लैक एंड व्‍हाइट

सिनेमाघर में जाकर पता लगा कि ब्‍लैक एंड व्‍हाईट सुभाष घई की फिल्‍म है। ऐसा फिल्‍मकार जिसकी फिल्‍मों में बड़े स्‍टार, भव्‍य सेट्स, लार्जर दैन लाइफ कहानियां और मधुर संगीत होता है, इस बार लीक से हटकर कुछ प्रयोग कर रहा है यह जानकर अच्‍छा लगा। हालांकि शोमैन सुभाष की फिल्‍में मुझे कभी अच्‍छी नहीं लगीं पर उनकी फिल्‍मों का संगीत जरूर लुभाता है। पर इस बार उन्‍होंने अपनी शोमैन की छवि को बदलने का प्रयास किया है। वैसे भी पिछले काफी समय से उनके सितारे गर्दिश में ही चल रहे हैं और उनकी बड़े बजट की फिल्‍में पिट भी चुकी हैं। शायद यही कारण है कि वे चक दे इंडिया और तारे जमीं पर के समय में सामाजिक सरोकारों वाली फिल्‍मों पर सोचने लगे हैं।

फिल्‍म कहानी है एक मुस्लिम युवक नुमैर काजी(अनुराग सिन्‍हा) की जो अफगानिस्‍तान के किसी आतंकवादी शिविर से प्रशिक्षण लेकर दिल्‍ली आता है। वह एक फियादीन हमलावर है जो 15 अगस्‍त के दिन दिल्‍ली के लाल किले पर विस्‍फोट करने के मकसद से दिल्‍ली आया है। दिल्‍ली में वह चांदनी चौक में एक रिश्‍तेदार के यहां ठहरा हुआ है। फिल्‍म में अनिल कपूर एक उर्दू प्रोफेसर राजन माथुर की प्रभावी भूमिका में हैं साथ ही उर्दू शायर की भूमिका में गफ्फार भाई(हबीब तनवीर) भी हैं।

फिल्‍म के माध्‍यम से घई मुस्लिम आतंकवादियों को पैगाम देते नजर आए हैं कि हिंसा की इजाजत कोई धर्म नहीं देता। उन्‍होंने फिल्‍म के चरित्रों के माध्‍यम से उस संस्‍कृति को दिखाया है जिसे हम साझा संस्‍कृति कहते हैं और जिसमें हिंदू और मुसलमान दोनों ही धर्मों के लोगों के लिए सम्‍मान है। मुहब्‍बत का संदेश देने वाली इस फिल्‍म के जरिए बहुत ही प्रासंगिक विषय को उठाया गया है। पर अच्‍छे विषय पर बनी फिल्‍म भी उतनी ही अच्‍छी होती तो एक बड़े दर्शक वर्ग तक इसका पैगाम पहुंचता। सुभाष घई ने लीक से हटकर सार्थक सिनेमा बनाने की कोशिश में निराश किया है। एक अच्‍छा विषय ही फिल्‍म के अच्‍छे होने की गारंटी नहीं है बल्कि उसे दमदार तरीके से प्रस्‍तुत करना महत्‍वपूर्ण है।

फिल्‍म के नायक अनुराग सिन्‍हा ने अपनी पहली ही फिल्‍म में अभिनय से प्रभावित किया है। वैसे भी रंगमंच का अनुभव होने के कारण वे मंजे हुए कलाकार हैं। पर निर्देशक ने उनकी प्रतिभा का ठीक ढंग से इस्‍तेमाल नहीं किया है। अनिल कपूर हमेशा की तरह फॉर्म में हैं। हबीब तनवीर कम समय के लिए दिखे हैं। उनके जैसे कलाकार के लिए फिल्‍म में कोई स्‍कोप नहीं है। फिल्‍म का संगीत पक्ष भी कमजोर सा है। एक गीत मैं चला को छोड़कर बाकी कुछ खास नहीं हैं। सही कहा जाए तो फिल्‍म के सभी पक्षों पर भावुकता और नाटकीयता हावी है जबकि चित्रण पर ठीक से ध्‍यान नहीं दिया गया है। सुभाष घई को अपनी भूमिका ऐसे विषयों में निर्माता तक ही सीमित रखनी चाहिए। कम से कम ऐसी प्रयोगवादी फिल्‍मों में तो नहीं।